नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के उभरते हुए धावक नील समराज 25 से 27 नवंबर तक भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होने वाली सात देशों की पहली बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 95 सदस्यीय भारतीय टीम की चुनौती की अगुआई करेंगे।
चेन्नई में हाल ही में संपन्न राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अंडर-18 राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाले समराज बिम्सटेक प्रतियोगिता में दोनों व्यक्तिगत स्पर्धाओं के अलावा चार गुणा 100 मीटर रिले में भी हिस्सा लेंगे।
महिला वर्ग में धाविका अभिनया राजराजन भी भारत की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।
तीन दिवसीय ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिता में 400 से अधिक खिलाड़ियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
भारत के अलावा नेपाल, भूटान, श्रीलंका, बांग्लादेश, म्यांमा और थाईलैंड की टीमें भी इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता