Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

मादक पदार्थों के मामले में रिश्वत लेने के आरोप में पटना के आठ पुलिसकर्मी निलंबित

पटना, चार नवंबर (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में मादक पदार्थों की बरामदगी के मामले में हिरासत में लिए गए दो लोगों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ने और प्राथमिकी में उनके नाम दर्ज नहीं करने के आरोप में आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पटना पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, 26 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर फुलवारीशरीफ पुलिस ने छापेमारी कर मादक पदार्थ बरामद होने के बाद आकिब खान उर्फ ​​मोहम्मद साकिब खान (32) को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बयान में कहा गया है कि इस कार्रवाई के दौरान दो अन्य लोगों, मोहम्मद आफताब आलम और मोहम्मद एहसान को भी हिरासत में लेकर थाने लाया गया था, लेकिन प्राथमिकी में उनके नाम दर्ज नहीं किए गए और न ही उनकी हिरासत की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दोनों व्यक्तियों से भारी रकम लेकर उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, कथित लेन-देन में शामिल लोगों के बीच विवाद होने के बाद इस पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को मिली।

पुलिस ने बताया कि घटना की जांच फुलवारीशरीफ के सहायक पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं।

प्रारंभिक जांच के दौरान आठ पुलिसकर्मियों और कुछ स्थानीय निवासियों की संलिप्तता सामने आई है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में पांच अवर निरीक्षक (दारोगा) और तीन सिपाही शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उनके खिलाफ विस्तृत विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

भाषा कैलाश

जोहेब

जोहेब