Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

‘अग्निपथ’ में बदलाव को लेकर कांग्रेस का तंज : भाजपा को ‘भारतीय जनता पलटी’ कहा

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने अग्निपथ योजना में बदलाव की घोषणा को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा जिस रफ्तार से पलटी मारती है, उसे अब ‘भारतीय जनता पलटी’ कहा जाना चाहिए।

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इन राज्यों में भारतीय सशस्त्र बलों में भर्तियों की दर अधिक है। ऐसे में सरकार ने अग्निवीर योजना में बड़ा बदलाव घोषित किया है।

उन्होंने कहा कि संशोधित व्यवस्था के तहत 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल करने का मौजूदा प्रावधान बरकरार रहेगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को अब दो साल के लिए सेवा विस्तार देने की पेशकश की जाएगी।

कांग्रेस नेता के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार चेतावनी देते रहे हैं कि अग्निवीर योजना टिकाऊ नहीं है और सरकार से इस पर फिर से विचार करने की मांग करते रहे हैं।

खेड़ा ने कहा कि सरकार की ताजा घोषणा ने राहुल गांधी की उन चिंताओं को फिर से चर्चा में ला दिया है।

अग्निपथ योजना में बड़े बदलाव के तहत सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर सेना से सेवामुक्त होने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने और व्यक्तिगत सहमति देने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी।

जून, 2022 में शुरू की गई अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की गई। इसमें कुल भर्ती किए गए अग्निवीरों में से केवल 25 प्रतिशत को नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान था। योजना में ये बदलाव करीब 18,000 अग्निवीरों के सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने के करीब तीन सप्ताह पहले किए गए हैं।

भाषा हक हक अविनाश

अविनाश