Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

वीडियो में कांग्रेस सांसद पार्टी की महिला सांसद को थप्पड़ मारते दिखे, दोनों ने घटना को तूल नहीं दिया

नागपुर, चार नवंबर (भाषा) दिल्ली में एक विरोध रैली के दौरान कांग्रेस के रामटेक से सांसद श्यामकुमार बर्वे द्वारा पार्टी की ही सांसद प्रतिभा धानोरकर को हल्के से थप्पड़ मारे जाने का एक वीडियो बुधवार को विवाद का विषय बन गया, हालांकि दोनों नेताओं ने इस घटना को महज एक मजाक बताकर टाल दिया।

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने पार्टी की छवि खराब करने और महिला नेताओं को अपमानित करने के लिए फुटेज के साथ छेड़छाड़ की है।

यह घटना एक नवंबर को दिल्ली में निर्वाचन आयोग के खिलाफ विपक्ष की प्रदर्शन रैली के दौरान एक खड़ी बस के अंदर हुई थी।

वीडियो में धानोरकर, सांसद वर्षा गायकवाड़ के बगल में बैठी हंसती नजर आती हैं। इसी दौरान बर्वे उनके पास खड़े दिखते हैं और उन्हें (धानोरकर) हल्के से थप्पड़ मारते हैं।

चंद्रपुर से लोकसभा सदस्य धानोरकर बर्वे की इस हरकत से चौंकती और नाराज नजर आती हैं।

बुधवार को मीडिया से बात करते हुए बर्वे ने कहा कि धानोरकर उनकी छोटी बहन जैसी हैं और यह वीडियो पार्टी के विरोध प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए फैलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वह केवल मजाक कर रहे थे और इस घटना का कोई दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने नागपुर में कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी नेतृत्व को कथित तौर पर भेजे गए उस ईमेल को भी ‘फर्जी’ बताया, जिसमें घटना को लेकर शिकायत की गई थी।

वहीं, दूसरी ओर धनोरकर ने भी इस घटना को ज्यादा तूल नहीं दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह और पार्टी की कुछ अन्य महिला नेता बर्वे की वैवाहिक स्थिति को लेकर मजाक कर रही थीं और इसी दौरान उन्होंने भी हंसी-मजाक में उन्हें हल्के से थप्पड़ मारा।

मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, सपकाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस की छवि खराब करने और वीडियो के जरिए महिलाओं का अपमान करने के लिए एक “टूलकिट” का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, “भाजपा ने कांग्रेस सांसदों के बस में सफर करने वाले वीडियो का कुछ सेकंड का हिस्सा फैलाया, ताकि पार्टी को बदनाम किया जा सके।”

सपकाल ने कहा, “ये दोनों सांसद भाई-बहन की तरह हैं, लेकिन भाजपा ने उनके रिश्ते पर सवाल उठाए, और इस तरह महिला सांसद का अपमान किया।”

उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सपकाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस, भाजपा द्वारा गलत विमर्श फैलाए जाने के खिलाफ संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेगी।

भाषा प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल