नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) बिजली कंपनी टोरेंट पावर का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 837.96 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से कंपनी के वितरण और नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार के मजबूत प्रदर्शन से लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 741.55 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी की कुल आय सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में 26.35 प्रतिशत बढ़कर 10,050.79 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,953.91 करोड़ रुपये थी।
टोरेंट पावर का बिजली उत्पादन कारोबार से राजस्व सालाना आधार पर 37 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3,329 करोड़ रुपये रहा जबकि पिछले साल जुलाई-सितंबर तिमाही में यह 2,420.92 करोड़ रुपये था।
बिजली पारेषण एवं वितरण (टीएंडडी) क्षेत्र से कंपनी को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 7,258.81 करोड़ रुपये का राजस्व मिला, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में यह 6,367.83 करोड़ रुपये था।
नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार से राजस्व बढ़कर 510.67 करोड़ रुपये रहा जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 326.62 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने कहा, ‘‘तिमाही के दौरान उसका परिचालन प्रदर्शन मजबूत रहा। इससे समायोजित कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) में 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसमें वितरण और नवीकरणीय ऊर्जा कारोबार का मजबूत प्रदर्शन तथा नाभा अधिग्रहण का सफल एकीकरण प्रमुख कारण रहे।’’
टोरेंट समूह की 28,966 करोड़ रुपये की एकीकृत बिजली कंपनी टोरेंट पावर देश के बिजली क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में से एक है। कंपनी बिजली उत्पादन से लेकर पारेषण और वितरण से जुड़ी है।
बिजली उत्पादन क्षेत्र में कंपनी की कुल स्थापित क्षमता 6.8 गीगावाट है।
भाषा रमण अजय
अजय