Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दिवाली से पहले गुजरात सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ाया

अहमदाबाद, चार नवंबर (भाषा) गुजरात सरकार ने दिवाली से पहले अपने 4.62 लाख सेवारत कर्मचारियों और 5.07 लाख पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है।

इस घोषणा से 9.69 लाख से अधिक लाभार्थियों को राहत मिलेगी।

राज्य सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं प्रवक्ता जीतू वघाणी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। केंद्र सरकार के फैसले के अनुरूप हुई यह वृद्धि एक जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक सप्ताह पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी थी।

वघाणी ने गांधीनगर में संवाददाताओं को बताया कि जुलाई से अक्टूबर, 2026 तक के चार महीने के बकाये का भुगतान नवंबर के वेतन और पेंशन के साथ एकमुश्त किया जाएगा।

महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ राज्य सरकार के विभागों, पंचायत सेवाओं और अन्य संगठनों के कर्मचारियों के साथ-साथ छठे तथा सातवें वेतन आयोग के तहत आने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बकाये के भुगतान पर राज्य सरकार 523 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जबकि महंगाई भत्ते में वृद्धि से सालाना 1,569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

भाषा यासिर अजय

अजय