Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

कोहली के खेल में कोई कमी नजर नहीं आती, डफी ने की आरसीबी के साथी खिलाड़ी की जमकर तारीफ

ऑकलैंड, चार नवंबर (भाषा) स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार 74 रन की पारी खेलकर भारत को पांच विकेट से जीत दिलाई और उनके इस प्रदर्शन से प्रभावित न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने कहा कि इस दिग्गज बल्लेबाज के खेल में कोई कमी नजर नहीं आती।

कोहली ने महज 51 गेंद में 74 रन बनाए और बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारत ने संशोधित 143 रन के लक्ष्य को 56 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

डफी आईपीएल 2026 में खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम में कोहली के साथी रह चुके हैं।

बेंगलुरु में आरसीबी के अभ्यास सत्र के दौरान वह कई बार कोहली की बल्लेबाजी का सामना कर चुके हैं।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में डफी ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘हां, यह थोड़ा परेशान करने वाला था, क्या नहीं था? ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब लक्ष्य छोटा हो और कोई बल्लेबाज इस तरह के इरादे के साथ मैदान पर उतरकर तेजी से रन बनाने लगे, तो वह आसानी से लक्ष्य का पीछा कर सकता है। और ऐसा करने के लिए विराट से बेहतर खिलाड़ी कौन हो सकता है। उनका प्रदर्शन वाकई शानदार था। ’’

डफी ने कोहली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘उन्हें गेंद के उछाल से कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने हुक और पुल शॉट खेलने के लिए शानदार तरीके से खुद को तैयार किया और फिर गेंद को सीधे मैदान के पार भी पहुंचाया। इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है, वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। वह कई वर्षों से ऐसा करते आ रहे हैं और बेंगलुरु में नेट अभ्यास के दौरान भी उन्होंने मेरे खिलाफ कई बार ऐसा किया है। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर