Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

पूर्व हॉकी खिलाड़ी सोमैया का 1980 ओलंपिक स्वर्ण पदक चोरी

बेंगलुरु, चार नवंबर (भाषा) बेंगलुरु में भारतीय हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एम. एम. सोमैया के घर चोरी की घटना सामने आई है जिसमें अज्ञात चोर उनके घर से कीमती सामान के साथ वह स्वर्ण पदक भी ले गए जो उन्होंने 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की ओर से खेलते हुए जीता था। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक चोरी की यह घटना 28 अक्टूबर को एचएएल थर्ड स्टेज इलाके में हुई जो इंदिरानगर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

घटना के समय 67 वर्षीय हॉकी खिलाड़ी सोमैया अपने परिवार के साथ कोडागु की यात्रा पर गए हुए थे।

प्राथमिकी (एफआईआर) के अनुसार घटना का पता तब चला जब सोमैया के एक पड़ोसी ने उनके घर का दरवाजा खुला देखा और उसे घर में चोरी होने का संदेह हुआ जिसके बाद उसने सोमैया को इसकी सूचना दी।

एफआईआर में कहा गया है, ‘‘इसके बाद जब पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि 28 अक्टूबर की रात करीब 2:34 बजे दो अज्ञात व्यक्ति शिकायतकर्ता के घर में दाखिल हुए थे। इनमें से एक ने नीले रंग की शर्ट और दूसरे ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी। ’’

एफआईआर के मुताबिक दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अंदर रखी कीमती वस्तुएं चुरा लीं।

चोरी हुए सामान में 1980 के मॉस्को ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के साथ जीता गया सोमैया का स्वर्ण पदक, 1982 के नयी दिल्ली एशियाई खेलों का रजत पदक, 1986 के सियोल एशियाई खेलों का कांस्य पदक और 1982 में एम्स्टर्डम में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी का कांस्य पदक शामिल है।

इसके अलावा कई चांदी की वस्तुएं, सोने के आभूषण और 30,000 रुपये नकद भी चोरी हुए हैं।

एफआईआर के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 3.53 लाख रुपये आंकी गई है।

सोमैया की शिकायत के आधार पर इंदिरानगर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) (घर में अनधिकृत प्रवेश या घर में सेंधमारी) और धारा 305 (आवासीय घर, परिवहन के साधन या पूजा स्थल आदि में चोरी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर