Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

गृह मंत्रालय मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ करेगा, आवेदन प्रपत्र सरल होगा

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्रालय भारत की वीजा व्यवस्था को सरल बनाने के मकसद से मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ करने के साथ आवेदन प्रपत्र के ‘खानों’ की संख्या में 70 प्रतिशत तक कमी करने जा रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ‘वीजा नियमावली, 2019’ की व्यापक समीक्षा के तहत इसके विभिन्न अध्यायों और परिशिष्टों में संशोधन किए जाने की संभावना है। इसका उद्देश्य वीजा जारी करने की श्रेणियों की संख्या सीमित करना है।

इस संबंध में अगस्त में वीजा नियमावली, 2019 के विभिन्न अध्यायों और परिशिष्ट एक तथा दो में संशोधन के लिए बैठक हुई थी। इसमें भारतीय वीजा व्यवस्था को तर्कसंगत बनाने और सरल करने का निर्णय लिया गया था।

सूत्रों के अनुसार, वीजा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 करने का फैसला किया गया है।

केंद्र ने वीजा आवेदन प्रपत्र के 70 प्रतिशत खानों (भरने के लिए छोड़े गए रिक्त स्थान) को हटाने का भी निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य एक-दूसरे से मिलती-जुलती, दोहराव वाली और गैरजरूरी जानकारियां मांगने वाले ‘खानों’ को हटाकर आवेदन प्रक्रिया को सरल और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाना है।

भाषा संतोष नरेश

नरेश