Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

कोटियान के सात विकेट, रघुवंशी और सक्सेना के अर्धशतक से रेलवे के खिलाफ मुंबई मजबूत

मुंबई, चार नवंबर (भाषा) तनुष कोटियान के सात विकेट के बाद अंगकृष रघुवंशी और दिव्यांश सक्सेना के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने यहां मंगलवार को एलीट ग्रुप डी रणजी ट्रॉफी मुकाबले के तीसरे दिन रेलवे के खिलाफ अपनी कुल बढ़त 311 रन तक पहुंचा दी।

कोटियान (45 रन पर सात विकेट) ने लगातार दूसरे मैच में पांच या इससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। उन्होंने पिछले सप्ताह हरियाणा के खिलाफ 81 रन देकर आठ विकेट हासिल किए थे। उनकी शानदार गेंदबाजी से मुंबई ने रेलवे की पहली पारी 259 रन पर समेटकर 137 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की।

इसके बाद मुंबई के सलामी बल्लेबाज रघुवंशी और सक्सेना ने पहले विकेट के लिए 146 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

हालांकि रेलवे ने वापसी करते हुए दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 174 रन कर दिया।

मुंबई ने रघुवंशी (85 गेंद में 79 रन, 10 चौके, एक छक्का), सूर्यांश शेडगे (दो), मुशीर खान (नौ) और तुषार देशपांडे (शून्य) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवाए।

दिन का खेल समाप्त होने पर सक्सेना 114 गेंद में छह चौकों की मदद से 68 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि सरफराज खान तीन रन बनाकरउनका साथ निभा रहे थे।

ब्रेबोर्न स्टेडियम की पिच पर पहले दो दिन बल्लेबाजों और गेंदबाजों को लगभग बराबर मदद मिली थी, लेकिन तीसरे दिन सुबह कोटियान की गेंदबाजी ने मुकाबले का रुख मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया।

दाएं हाथ के स्पिनर कोटियान ने 18.5 ओवर में 45 रन देकर सात विकेट लिए। उन्होंने तीसरे दिन सुबह छह विकेट चटकाकर मुंबई की स्थिति बेहद मजबूत कर दी।

रेलवे ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 116 रन से की थी। रवि सिंह (43) ही मुंबई के गेंदबाजों का कुछ हद तक सामना कर सके। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए। कोटियान की अगुआई में मुंबई के गेंदबाजों ने बाकी आठ विकेट केवल 143 रन के भीतर हासिल कर रेलवे की पारी समेट दी।

इस बीच चंडीगढ़ में तमिलनाडु को मेजबान टीम के खिलाफ बोनस अंक सहित जीत दर्ज करने के लिए तीन विकेट की जरूरत है। फॉलोऑन खेल रही चंडीगढ़ की टीम दूसरी पारी में सात विकेट पर 189 रन बनाकर संघर्ष कर रही है।

देहरादून में उत्तराखंड ने हरियाणा को 10 विकेट से हराकर बोनस अंक के साथ तीन दिन के भीतर शानदार जीत दर्ज की।

हरियाणा को 153 रन पर समेटने के बाद उत्तराखंड ने अपनी एकमात्र पारी में 305 रन बनाकर 152 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद बड़ी बढ़त के दबाव में हरियाणा की दूसरी पारी 159 रन पर सिमट गई। हरियाणा ने इस दौरान आठ रन की मामूली बढ़त हासिल की और उत्तराखंड ने बिना विकेट खोए नौ रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

धर्मशाला में पहले दिन महज 78 रन पर सिमटने वाली राजस्थान की टीम को जीत के लिए छह और विकेट की जरूरत है। 447 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल प्रदेश ने चार विकेट पर 83 रन बना लिए थे।

राजस्थान ने अपनी दूसरी पारी आठ विकेट पर 521 रन बनाकर घोषित की थी।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता