नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के घरों की छत पर तीन किलोवाट तक के सौर ऊर्जा पैनल मुफ्त लगाने की योजना के लिए अबतक करीब एक लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है।
उन्होंने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और दिल्ली सरकार इस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लोगों को छतों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
गुप्ता ने यहां ‘भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो’ को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में तीन किलोवाट तक की सौर ऊर्जा प्रणाली मुफ्त लगाई जा रही हैं, जबकि इससे अधिक क्षमता वाली प्रणाली पर 1.56 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब तक लगभग एक लाख लोगों ने सौर ऊर्जा अपनाने के लिए पंजीकरण कराया है, जो स्वच्छ ऊर्जा के प्रति बढ़ते जनविश्वास और जागरूकता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी की हर छत स्वच्छ ऊर्जा का स्रोत बने, हर परिवार को बिजली बिल में राहत मिले और दिल्ली सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करे।
उन्होंने कहा कि भारत जिस गति से स्वच्छ उर्जा और नवीकरण ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है, दिल्ली भी उसी कदमताल के साथ इस परिवर्तन का हिस्सा बनेगी।
दिल्ली सरकार ने सितंबर में दिल्ली सौर ऊर्जा नीति -2023 (दूसरा संशोधन) के तहत औसतन 400 यूनिट बिजली की खपत करने वाले 2.30 लाख उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर मुफ्त में सौर पैनल लगाने की योजना शुरू की थी।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश