Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

यौन उत्पीड़न के मामले में वांछित आरोपी का संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पण: सीबीआई

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर यौन उत्पीड़न के एक कथित मामले में ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ के तहत वांछित सजीर पल्ली मूप्पम का संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पण सुनिश्चित किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस 20 वर्षीय युवती के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में मूप्पम की तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था, जिसके बाद उसके संयुक्त अरब अमीरात में होने का पता चला।

सीबीआई की एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आरोपी दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित था। जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 20 वर्षीय युवती को जबरन नशीला पदार्थ दिया था, जिससे वह बेसुध हो गई थी।’’

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर युवती की असहाय स्थिति का फायदा उठाया और उसे एक होटल में ले गया जहां उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के पहचान पत्र का इस्तेमाल कर धोखे से कमरा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी ने युवती का यौन उत्पीड़न किया। बाद में आई चिकित्सा और फॉरेंसिक रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हुई। इस मामले में सक्षम अदालत के समक्ष विस्तृत आरोपपत्र पहले ही दाखिल किया जा चुका है।’’

प्रवक्ता ने बताया कि सीबीआई के अनुरोध पर संयुक्त अरब अमीरात के प्राधिकारियों ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई के बयान में कहा गया, ‘‘कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने आरोपी को भारत प्रत्यर्पित कर दिया। दिल्ली पुलिस का एक दल संयुक्त अरब अमीरात गया था, जहां आरोपी को उसके हवाले कर दिया गया। यह दल आरोपी को लेकर बुधवार को नयी दिल्ली पहुंचा।’’

एजेंसी ने बताया कि 2019 से अब तक विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय कर 278 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश