जयपुर, चार नवंबर (भाषा) राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को जयपुर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के प्रवर्तन अधिकारी को एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान सोनू मौर्य के रूप में हुई है।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने एक बयान में बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत की थी कि उसकी कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों की भविष्य निधि (पीएफ) जमा नहीं करवाने के संबंध में उसके खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने तथा बैंक खाते 'फ्रीज' नहीं करने की एवज में आरोपी मौर्य दो लाख रुपये रिश्वत की मांग रहा है।
टीम ने शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार को जाल बिछाकर आरोपी मौर्य को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब