नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में असंतोष की खबरों के बीच पार्टी हालिया बिहार विधानपरिषद के द्विवार्षिक चुनाव में अपने प्रदर्शन का आकलन करने के लिए बृहस्पतिवार को पटना में एक समीक्षा बैठक करेगी जिसमें जीतने और हारने वाले, दोनों तरह के प्रत्याशियों को बुलाया गया है।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पार्टी ने इन सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए जीतने वाले और हारने वाले, दोनों तरह के उम्मीदवारों को आमंत्रित किया है। चारों उम्मीदवार बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। जिन नेताओं को चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई थी, उनसे भी उनके विचार साझा करने के लिए कहा जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि चर्चा के बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख बताएगी।
बिहार विधानपरिषद की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को हुए द्विवार्षिक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू ने चार-चार सीट पर चुनाव लड़ा। भाजपा ने दो सीट जीतीं, जबकि जदयू केवल एक सीट पर विजयी रही। जदयू के विधानपरिषद सदस्य नीरज कुमार ने लगातार चौथी बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।
दो निर्दलीय उम्मीदवारों-- बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज ने क्रमशः तिरहुत स्नातकऔर सारण अध्यापक निर्वाचन क्षेत्रों से जीत दर्ज की तथा जदयू प्रत्याशियों को हराया।
जदयू के प्रदर्शन के दौरान पार्टी के भीतर असंतोष भी देखने को मिला, खासकर पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने जदयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ 'जन सुराज पार्टी' के प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए प्रचार किया।
अनंत सिंह के विरोध के बावजूद नीरज कुमार अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे। इसके बाद, पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते जदयू ने अनंत सिंह को छह साल के लिए निलंबित कर दिया।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश