Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

भारतीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे पर अब भी उचित संकेतकों की कमी: गडकरी

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि शहरी सड़क विकास में बेहतर परियोजना तैयार करने, कुशल इंजीनियरों और अधिक जवाबदेही की जरूरत है।

आर्थिक शोध संस्थान ‘नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकॉनमिक रिसर्च’ (एनसीएईआर) और जना अर्बन स्पेस (जनाग्रह) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने कहा कि भारतीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर उचित संकेतक नहीं हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का एक कारण भी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हर सड़क पर उचित और स्पष्ट संकेतक होने चाहिए। मैंने विश्वस्तरीय संकेतक नीति तैयार की थी, लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसे लागू नहीं किया।’’

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा, ‘‘भारतीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर अब भी सही संकेतक नहीं हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं का एक कारण भी हैं।’’

उन्होंने कहा कि भारत में हर साल करीब पांच लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें 1.8 लाख लोगों की मौत होती है।

गडकरी ने कहा कि वह राजमार्गों के कुछ हिस्सों की खराब स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर की जाने वाली शिकायतों पर नजर रखते हैं। उनके मंत्रालय ने इन हिस्सों के निर्माण और रखरखाव के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की है।

उन्होंने एनएचएआई की सड़कों पर अतिक्रमण होने पर भी चिंता जताई।

मंत्री ने सार्वजनिक उपक्रमों के राजस्व में वृद्धि करने और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) लागू करने की दीर्घकालिक योजना बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।

गडकरी ने कहा, ‘‘शहरी नियोजन अब केवल पैसा कमाने का जरिया बनकर रह गया है। भ्रष्टाचार के कारण प्रमुख संपत्तियां कम कीमतों पर बेच दी जाती हैं।’’

उन्होंने शहरी भूमि और सार्वजनिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए सड़क, मेट्रो तथा रेलवे एजेंसियों के बीच एकीकृत योजना बनाने के महत्व पर भी जोर दिया।

गडकरी ने कहा, ‘‘भारत ने शहरों के बीच यात्रा को बदल दिया है। अब हम मिलकर शहरों के भीतर रोजाना होने वाली यात्रा को भी बदल सकते हैं।’’

भाषा यासिर अजय

अजय