Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

सोना 4,800 रुपये की छलांग के साथ 1.46 लाख रुपये पर, चांदी 9,000 रुपये मजबूत

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल आया। त्योहारी मांग बढ़ने और वैश्विक बाजारों में कीमतों में तेज सुधार के बीच सोना 4,800 रुपये बढ़कर 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत मंगलवार को 1,41,800 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो बुधवार को बढ़कर (सभी करों सहित) 1,46,600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

चांदी की कीमतों में भी तेजी रही। यह 9,000 रुपये उछलकर (सभी करों सहित) 1.93 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1.84 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत सुधार और घरेलू बाजार में त्योहारी मांग बढ़ने से बुधवार को सोने की कीमतों में तेजी आई।

ब्रिकवर्क रेटिंग्स के शोध प्रमुख राजीव शरण के अनुसार, कीमतों में यह सुधार त्योहारी खरीदारी की तैयारी कर रहे ग्राहकों को कुछ राहत दे सकता है। अक्टूबर में अपने उच्चतम स्तर से सोने की कीमतों में करीब आठ प्रतिशत की गिरावट आई थी।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड पर प्रतिफल बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ने के कारण हाल में सोने की कीमतों में गिरावट आई थी। इससे कारोबारियों ने मुनाफावसूली की।

शरण ने कहा कि पिछले धनतेरस के मुकाबले इस बार सोने की कीमतों में अपेक्षाकृत कम तेजी आई है। पिछले त्योहारी सत्र के बाद से सोना पांच से सात प्रतिशत ही महंगा हुआ है, जबकि पिछले धनतेरस पर इसकी कीमतों में सालाना आधार पर करीब 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में जोरदार तेजी रही। हाजिर सोना 113.72 डॉलर यानी तीन प्रतिशत चढ़कर 4,043.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया और फिर से 4,000 डॉलर के स्तर के पार चला गया। चांदी भी 4.5 प्रतिशत बढ़कर 52.03 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिका के मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद डॉलर कमजोर हुआ, जिससे कीमती धातुओं को समर्थन मिला।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय