बिहारशरीफ, चार नवंबर (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में एक मोटरसाइकिल के सड़क डिवाइडर से टकरा जाने के कारण दो नाबालिग भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार देर रात हरनौत बाजार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर हुआ। मोटरसाइकिल पर पांच युवक सवार थे।
मृतकों की पहचान हरनौत के गोनावां रोड निवासी अभिमन्यु कुमार जायसवाल (15), उनके छोटे भाई अनीश कुमार (12) और सबनहुआडीह निवासी गौतम कुमार (19) के रूप में हुई है।
हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर के प्रभाव को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि मोटरसाइकिल तेज गति से चलाई जा रही थी।
उन्होंने कहा, ''हादसे में दो नाबालिगों समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।''
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांचों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर घूमने निकले थे, इसी दौरान सड़क पर अचानक एक जानवर आ गया, जिससे चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह डिवाइडर से टकरा गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा कैलाश जोहेब
जोहेब