Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

पौड़ी में तेंदुओं के हमलों में एक बच्ची की मौत, एक अन्य घायल

कोटद्वार (उत्तराखंड), तीन नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में तेंदुओं के हमलों में चार वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय एक अन्य बच्ची घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर खांड्यूसैंण के समीप ओजली गांव में एक तेंदुआ चार वर्षीय आरुषि को उसके घर के आंगन से उठाकर ले गया।

यह घटना देर शाम उस समय हुई, जब बच्ची आंगन में खेल रही थी। तेंदुए ने अचानक उस पर हमला किया और उसे घसीटकर झाड़ियों की ओर ले गया। जानकारी के अनुसार, बच्ची के सात वर्षीय भाई आर्यन ने तेंदुए को अपनी बहन को ले जाते देखा और शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू की।

बच्ची का शव घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में मिला। घटना से नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने विधायक को घेरकर अपना विरोध जताया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की आवाजाही के बावजूद वन विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने या मारने की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए ने गांव की एक अन्य बच्ची पर भी हमला कर उसे उठा ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन बच्ची समय रहते घर के अंदर चली गई और उसकी जान बच गई।

पौड़ी की उप प्रभागीय अधिकारी (एसडीओ) आयशा बिष्ट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गश्त की जा रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

दूसरी घटना जिले के कोटद्वार में वार्ड संख्या तीन के स्नेह तल्ली इलाके में हुई, जहां तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय एक बच्ची घायल हो गई।

पार्षद संजय भंडारी ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े छह बजे हुई, जब सान्वी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। उन्होंने बताया कि तेंदुए के हमला करते ही बच्ची की मां नीलम देवी शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ीं जिससे घबराकर तेंदुआ बच्ची को वहीं छोड़कर भाग गया।

हमले में घायल सान्वी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तेंदुए के नाखूनों से उसके गले और पैर में घाव हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण अस्पताल पहुंचीं और बच्ची का हालचाल जाना। उन्होंने वन अधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा के उपाय करने के निर्देश दिए।

लैंसडौन के प्रभारी प्रभागीय वन अधिकारी तरुण एस ने बताया कि बच्ची अब खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि उसके इलाज का पूरा खर्च वन विभाग उठाएगा और तेंदुए के हमलों से लोगों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

भाषा सं दीप्ति सिम्मी

सिम्मी