Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

मप्र: थाना प्रभारी की हत्या का आरोपी ट्रक चालक पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल

इंदौर, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या का मुख्य आरोपी ट्रक चालक मंगलवार रात पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हत्याकांड के बाद से फरार ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत (28) को आलीराजपुर जिले से हिरासत में लिया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को देवास लाते समय उसने जिले के बरोठा थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी की रिवॉल्वर छीनकर पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया,‘‘भागने की कोशिश के दौरान उसने रिवॉल्वर से पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की ओर से मानक संचालन प्रक्रिया के तहत आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान वह एक पैर में गोली लगने से घायल हो गया।’’

उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को पहले देवास के जिला अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया और हालत गंभीर के कारण उसे बाद में बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एक अस्पताल भेज दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब की खेप तस्करी के जरिये गुजरात भेजे जाने की सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी पुरी पुलिस दल के साथ सोमवार तड़के इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे।

उन्होंने बताया, ‘‘पुरी ने 1,800 से ज्यादा लीटर शराब से भरे ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस से बचकर भागने के लिए ट्रक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया जिससे उनकी मौत हो गई।’’ भाषा हर्ष सिम्मी

सिम्मी