Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

बिहार संग्रहालय को वैश्विक पहचान मिलने पर राज्यपाल ने मंत्री और निदेशक को बधाई दी

पटना, तीन नवंबर (भाषा) बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में बिहार संग्रहालय को नौवां स्थान मिलने पर राज्य के कला एवं संस्कृति मंत्री और संग्रहालय के निदेशक को मंगलवार को बधाई दी।

हसनैन ने संग्रहालय परिसर में छठ महापर्व से पहले आयोजित एक भोजपुरी छठ गीत के लोकार्पण कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं पूरे राज्य की ओर से कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी और संग्रहालय के निदेशक अंजनी कुमार को बधाई देता हूं। यह वास्तव में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है और इससे बिहार को काफी पहचान मिलेगी।’’ यात्रा संबंधी मार्गदर्शिका ‘वर्थ अ जर्नी’ ने अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची जारी की थी, जिसमें बिहार संग्रहालय को विश्व में नौवां और एशिया में पहला स्थान मिला था।

राज्यपाल ने लोकगायिका मनीषा श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत भोजपुरी छठ गीत की भी सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इतना सुंदर भोजपुरी गीत सुना। मैंने गायिका और अन्य लोगों से संगीत के माध्यम से आपदाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। यदि हम भोजपुरी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के गीतों के माध्यम से आपदा से निपटने की तैयारियों का संदेश देश के बाकी हिस्सों तक पहुंचा सकते हैं, तो हमें निश्चित रूप से इस दिशा में प्रयास करना चाहिए।’’

इस अवसर पर राज्यपाल के साथ कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

चंद्रवंशी ने हाल में कहा था कि बिहार संग्रहालय को मिली वैश्विक पहचान राज्य में हो रहे बदलावों को दर्शाती है। पटना के मध्य में स्थित बिहार संग्रहालय की परिकल्पना पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी। यह एक प्रमुख सांस्कृतिक संस्थान है, जहां क्षेत्र के प्राचीन इतिहास, कला और विरासत को प्रदर्शित किया गया है।

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी