Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

हम 'रामायण' को 'अवतार' जैसी भव्य फिल्मों के स्तर पर पेश करना चाहते हैं : नमित मल्होत्रा

(रवि बंसल)

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) हर भारतीय के दिल-दिमाग में बसी ‘रामायण’ पर एक और फिल्म बनाने के औचित्य पर उठते सवालों के बीच फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने कहा कि उनका मकसद दर्शकों को ‘रामायण’ का एक ऐसा अभूतपूर्व रूप दिखाना है, जो पहले कभी न देखा गया हो। मल्होत्रा के मुताबिक, वह इसे 'अवतार' और 'एवेंजर्स' जैसी हॉलीवुड की भव्य फिल्मों के स्तर पर पेश करना चाहते हैं।

दो भागों वाली इस फिल्म का बजट 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। हालांकि मल्होत्रा ​​ने कभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

बहुचर्चित ‘रामायण’ का पहला भाग बृहस्पतिवार को रिलीज हो रहा है, जो रविवार को आने वाली दिवाली से ठीक तीन दिन पहले है।

जैसे-जैसे अटकलें तेज हो रही हैं, मल्होत्रा ​​का कहना है कि उनकी महत्वाकांक्षा भगवान राम की कहानी को एक अभूतपूर्व स्तर पर बड़े पर्दे पर लाने की है। इसमें ‘थ्रीडी’ और ‘आईमैक्स’ तकनीक का इस्तेमाल होगा और इसका बजट 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स' जैसी हॉलीवुड की भव्य फिल्मों के बराबर होगा।

मल्होत्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘भारत में अक्सर यह सवाल पूछा जाता है कि 'जब पहले से ही इतनी सारी रामायण मौजूद हैं, तो फिर एक और रामायण क्यों बनाई जा रही है? हमें तो इसकी कहानी पहले से ही पता है।' इस पर मेरा कहना है कि 'देखिए, हम इसे इसलिए बना रहे हैं क्योंकि हम आपको इस कहानी का एक ऐसा रूप दिखाना चाहते हैं, जो आपने पहले कभी नहीं देखा होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी टीवी शो, नुक्कड़ नाटक या रामलीला में आपने 'रामायण' को कभी इतने बड़े पैमाने और भव्यता के साथ नहीं देखा होगा, जैसा कि हम इसे बना रहे हैं... बिल्कुल 'अवतार' या 'एवेंजर्स' जैसी फिल्मों की तरह, या फिर 'स्पाइडर-मैन' या 'द ओडिसी' के बारे में सोचिए... हम रामायण को उन्हीं बड़ी और भव्य प्रस्तुतियों के स्तर पर ला रहे हैं।’’

फिल्म निर्माता के निर्माण कार्यों में अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन - शिवा’ और हॉलीवुड फिल्म ‘द गारफील्ड मूवी’ शामिल हैं। इस बार वह अपने स्टूडियो 'प्राइम फोकस स्टूडियोज' के जरिए वाल्मीकि के महाकाव्य पर आधारित दो-भाग वाली फिल्म लेकर आये हैं। इसमें ऑस्कर विजेता ‘वीएफएक्स’ स्टूडियो 'डीएनईजी' और यश की 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' भी शामिल हैं।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी उनकी नई फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता की भूमिका में, यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नज़र आएंगे।

इस फिल्म के ज़रिए मल्होत्रा ​​यह साबित करना चाहते हैं कि भारत भी एक भव्य और शानदार फिल्म बना सकता है।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप