Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

राहुल गांधी और अखिलेश यादव का राजनीतिक करियर खत्म होने के कगार पर : रवि किशन

गोरखपुर, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय सांसद और अभिनेता रवि किशन ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनका राजनीतिक करियर खत्म होने के कगार पर है।

भाजपा सांसद ने राहुल गांधी को चुनौती दी कि वह 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराकर दिखाएं। अखिलेश यादव के पूर्वांचल दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए किशन ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा फिर से सत्ता में आएगी।

रवि किशन ने दावा किया कि विपक्षी दलों के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाएगी और भाजपा 2017 के अपने चुनावी प्रदर्शन से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने भाजपा की प्रस्तावित पदयात्रा 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसमें पार्टी के 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पहली बार गोरखपुर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। किशन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी चुनाव हारने के बाद ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) पर सवाल उठाते हैं और वोट चोरी के आरोप लगाते हैं। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी की जीत का जिक्र करते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष की चिंताओं पर सवाल उठाए।

किशन ने कांग्रेस पर देश-विरोधी बयान देने का भी आरोप लगाया और कहा कि कुछ पार्टियां आतंकवाद तथा दंगे भड़काने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत