Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

आईपीएस अधिकारी की पत्नी ने पति, ससुराल वालों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, महिला थाने में शिकायत दर्ज

पटना, तीन नवंबर (भाषा) बिहार में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी की पत्नी ने अपने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

हालांकि, पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

सचिवालय की अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ)-एक अनु कुमारी ने बताया कि खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने सोमवार देर रात महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

अनु कुमारी ने कहा, ‘‘हमें शिकायत मिली है, लेकिन अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। मामले की जांच की जा रही है।’’

पूजा सिंह ने कुछ दिन पहले पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें उनकी छह वर्षीय बेटी से बात नहीं करने दे रहे।

पूजा सिंह ने दावा किया था कि उन्होंने 2016 में भानु प्रताप सिंह से शादी की थी। उस समय भानु प्रताप सिंह बेरोजगार थे और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। भानु प्रताप 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

महिला थाने से बाहर आने के बाद पूजा सिंह ने पत्रकारों से कहा कि वह तलाक नहीं चाहती हैं। वह अपने पति और बेटी के साथ नए सिरे से जिंदगी शुरू करना चाहती हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं तलाक नहीं चाहती। मैं अपने पति और बेटी के साथ नए सिरे से शुरुआत करना चाहती हूं। यदि वह बातचीत के जरिए मामला सुलझाने को तैयार हैं, तो मैं अपनी शिकायत वापस लेने के लिए तैयार हूं।’’

भाषा कैलाश सिम्मी

सिम्मी