चंडीगढ़, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता संजय टंडन ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान चंडीगढ़ के निवासियों को संपत्ति हस्तांतरण में आ रही कठिनाइयों का मुद्दा उठाया।
यहां जारी एक बयान में टंडन ने कहा कि उन्होंने मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में शाह के आवास पर उनसे मुलाकात की और उन्हें प्रतिशत के आधार पर संपत्ति हस्तांतरण पर लगी पाबंदियों के कारण चंडीगढ़ के निवासियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
टंडन ने इस मुद्दे की जानकारी देते हुए कहा कि मौजूदा प्रतिबंधों के कारण निवासियों को संपत्ति हस्तांतरित करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी हो रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह समस्या उच्चतम न्यायालय के एक फैसले और उसके बाद चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के कारण पैदा हुई है।
चंडीगढ़ में संयुक्त स्वामित्व वाली आवासीय संपत्तियों की हिस्सेदारी के आधार पर या प्रतिशत के आधार पर हस्तांतरण करने पर प्रतिबंध है। शहर के कई निवासी लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं।
टंडन ने इस मामले में हस्तक्षेप से निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद जताते हुए कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि चंडीगढ़ के लोगों को इस मामले में जल्द राहत मिलेगी।’’
उन्होंने कहा कि उन्होंने चंडीगढ़ से जुड़े अन्य मुद्दों और वहां के निवासियों को होने वाली परेशानियों से भी केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि इस दौरान शहर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश