संबलपुर/भुवनेश्वर, तीन नवंबर (भाषा) पिछले सप्ताह ओडिशा के कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के बाद संबलपुर के एक निजी स्कूल और यहां के सरकारी उत्कल विश्वविद्यालय में पीलिया के मामले सामने आए हैं।
प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि दोनों संस्थानों में कई छात्र इस संक्रमण की चपेट में आ गए हैं, जबकि निजी स्कूल के पांच छात्रों को गंभीर हालत होने पर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संक्रमण से प्रभावित कई अन्य छात्रों का घर पर ही इलाज चल रहा है। मामलों की सही संख्या की अभी तक आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीमारी के फैलने के बाद, निजी स्कूल प्रबंधन ने एक नोटिस जारी कर छात्रों को छात्रावास खाली करने और पृथकवास के लिए घर लौटने को कहा है।
सूत्रों ने बताया कि यह प्रक्रिया 29 अक्टूबर को शुरू हुई थी और अधिकारी उन छात्रों से भी संपर्क कर रहे हैं जो पहले ही हॉस्टल छोड़ चुके थे।
संबलपुर के जिलाधिकारी एसबी बोंदर ने कहा कि संस्थान बोरवेल सहित अपने खुद के दो स्रोतों से पानी ले रहा था। उन्होंने कहा, 'संस्थान को निर्देश दिया गया है कि वे पानी के स्रोतों के साथ-साथ आपूर्ति लाइनों को भी कीटाणुरहितकरें ताकि आगे पानी को दूषित होने से रोका जा सके।'
भाषा वैभव माधव
माधव