Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

वाडकर और भूटे के दम पर विदर्भ मजबूत स्थिति में

नागपुर, तीन नवंबर (भाषा) कप्तान अक्षय वाडकर ने शानदार शतक जड़ा जबकि नचिकेत भूटे शतक से महज तीन रन से चूक गए लेकिन दोनों की पारियों की बदौलत विदर्भ ने मंगलवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले में मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में नौ विकेट पर 334 रन बना लिए।

दिन की शुरुआत चार विकेट पर 56 रन से करने वाली विदर्भ की टीम ने शानदार वापसी की। कप्तान वाडकर ने नौ चौकों की मदद से 100 रन बनाए लेकिन चोट के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।

वहीं, भूटे ने छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 97 रन की प्रभावशाली पारी खेली।

इस तरह विदर्भ ने मध्य प्रदेश के खिलाफ पहली पारी में 125 रन की बढ़त हासिल कर ली।

मध्य प्रदेश की ओर से सारांश जैन ने 77 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि कुमार कार्तिकेय ने पहले दिन तीन विकेट हासिल किए।

दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश ने एक विकेट पर 19 रन बना लिए थे। सक्षम पुरोहित और अथर्व महाजन क्रीज पर मौजूद थे। मध्य प्रदेश की टीम अभी 106 रन पीछे थी।

मध्य प्रदेश ने अपनी पहली पारी में 209 रन बनाए थे।

कानपुर में खेले जा रहे एक अन्य मुकाबले में उत्तर प्रदेश के सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह और माधव कौशिक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

आदर्श 96 और माधव 90 रन बनाकर नाबाद थे। दोनों की बल्लेबाजी की बदौलत मेजबान उत्तर प्रदेश ने 55 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 196 रन बना लिए थे।

इससे पहले बड़ौदा ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 269 रन से की और उसकी पहली पारी 115.3 ओवर में 355 रन पर समाप्त हुई।

रात के नाबाद बल्लेबाज मोहन सोलंकी ने उपयोगी अर्धशतक लगाया जबकि कप्तान अतीत शेठ ने 35 रन का योगदान दिया।

उत्तर प्रदेश की ओर से कार्तिक यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30.3 ओवर में 104 रन देकर पांच विकेट हासिल किए जबकि करण शर्मा ने तीन विकेट झटके।

भाषा नमिता

नमिता