Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

आप के बागी विधायक जौड़ामाजरा का इस्तीफा मंजूर, पंजाब विधानसभा में पार्टी 94 सीट से 91 पर आई

चंडीगढ़, तीन नवंबर (भाषा) पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के बागी विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जौड़ामाजरा, बागी विधायकों कुंवर विजय प्रताप सिंह और हरमीत सिंह पठानमाजरा के साथ सोमवार को दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए थे।

सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष संधवां ने सिंह और पठानमाजरा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए।

अधिकारी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने जौड़ामाजरा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, समाना विधानसभा सीट खाली हो गई है।

तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद, 117 सदस्यीय विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायकों की संख्या 94 से घटकर 91 हो गई है।

विधानसभा में कांग्रेस के 16 विधायक हैं, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के तीन, भाजपा के दो और बहुजन समाज पार्टी का एक विधायक है। एक निर्दलीय विधायक भी है।

आप के मजीठा निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी तलबीर सिंह गिल ने भाजपा में शामिल होने के लिए कुंवर विजय प्रताप सिंह की आलोचना की। उन्होंने सिंह पर बेहबल कलां और कोटकपुरा गोलीबारी की घटनाओं जैसे संवेदनशील और गंभीर मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

गिल ने एक बयान में कहा, ‘‘कुंवर ने लंबे समय से इसी मुद्दे को अपनी राजनीति का आधार बना रखा था। लेकिन अब भाजपा की गोद में बैठ कर उन्होंने अपनी अवसरवादी और शर्मनाक मानसिकता को उजागर कर दिया है।’’

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश