चंडीगढ़, तीन नवंबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को दावा किया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आएगी, क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) ने जनता का समर्थन खो दिया है और लोग अब जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।
यहां राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए, मुख्यमंत्री ने यह घोषणा भी की कि संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष सत्र के दौरान संविधान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
संविधान सभा ने 26 नवंबर, 1949 को संविधान को अपनाया था।
एक सवाल का जवाब देते हुए सैनी ने दावा किया कि अगले साल पंजाब में भाजपा सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा, “नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, पंजाब में भाजपा सरकार बना रही है।”
उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) पर पंजाब में उनके कार्यक्रमों में बाधा डालने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, “वे अब भी सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं... वे कार्यक्रम आयोजकों के घरों पर जाते हैं और उन्हें धमकाते हैं।”
सैनी ने एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें लुधियाना के खन्ना में तैनात पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई एक वीडियो सामने आने के बाद की गई, जिसमें वह कथित तौर पर शिवसेना नेता महंत कश्मीर गिरी के घर पर एक गद्दे के नीचे कोई पैकेट रखते हुए दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा, “कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें दिखा कि एक घर में एक पैकेट रखा गया, और फिर पुलिस की एक टीम उस व्यक्ति के घर पहुंची और उसे पकड़ लिया। लेकिन सीसीटीवी फुटेज से उन्हें मदद मिली।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “इस तरह की हरकत आप सरकार की ‘गुंडागर्दी’ को उजागर करती है। उन्हें तो नशे की समस्या से लड़ना चाहिए, लेकिन वे लोगों को इस तरह फंसा रहे हैं।”
सैनी ने धुरी निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ने के फैसले को लेकर अपने पंजाब समकक्ष भगवंत मान पर निशाना साधा।
सैनी ने कहा, “पांच साल, धुरी से दूरी बना के रखे हैं।”
उन्होंने कहा कि लोगों ने देखा है कि मान ने कोई काम नहीं किया, बल्कि सिर्फ चुटकुले सुनाए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि 2014 से पहले सिर्फ घोषणाएं और वादे किए जाते थे, जबकि भ्रष्टाचार के कारण विकास के लिए आवंटित फंड सही लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता था।
पंजाब के बारे में बात करते हुए, सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस, दोनों ने ही लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन वे उन्हें पूरा करने में विफल रहे।
भाषा प्रशांत माधव
माधव