भोपाल, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बुधवार को राजधानी भोपाल में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ पदयात्रा निकालेगी। इसमें केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने एक बयान में बताया कि पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्य सरकार के मंत्री, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और सभी जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, ''लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ आयोजित यह विशाल पदयात्रा चार नवंबर को सुबह 10 बजे अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा, टीटी नगर से शुरू होकर रोशनपुरा तक पहुंचेगी।''
लोया ने दावा किया कि इस पदयात्रा में करीब एक लाख लोग शामिल होंगे।
कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर त्योहारों और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को स्थगित करने या किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने की अपील की थी।
कांग्रेस नेता अभिनव बरोलिया ने बृहस्पतिवार को धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार का हवाला देते हुए कहा था कि यह व्यापारियों के लिए साल का महत्वपूर्ण कारोबारी अवसर होता है। ऐसे में राजनीतिक आयोजन के कारण बाजारों तक लोगों की पहुंच बाधित करना और उनकी सुविधाओं को प्रभावित करना उचित नहीं होगा।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के जवाब में भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्राएं निकाल रही है।
भोपाल में पदयात्रा से पहले भाजपा जबलपुर और इंदौर में भी ऐसे आयोजन कर चुकी है।
भाषा
ब्रजेन्द्र रवि कांत