Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

दीया मिर्जा को लाउडस्पीकरों से होने वाले शोर पर भी वीडियो अपलोड करना चाहिए: मंत्री

मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण-अनुकूल दिवाली अभियान के वीडियो पर विवाद के बीच, महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने मंगलवार को कहा कि अभिनेत्री को 'लाउडस्पीकरों' से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर भी एक वीडियो बनाना चाहिए। उनका इशारा मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकरों की ओर माना जा रहा है।

शिवसेना नेता ने यह टिप्पणी तब की, जब बंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को ही अभिनेत्री के वीडियो पर राजनीतिक आपत्तियों को लेकर 'गहरी पीड़ा और नाराजगी' व्यक्त की थी।

शिरसाट ने कहा कि समाज में सुधार लाने के प्रयास के लिए मिर्जा की सराहना की जानी चाहिए, लेकिन उन्हें अपनी आंखें खुली रखनी चाहिए।

उन्होंने सवाल किया, 'लोग जानते हैं कि उन्हें पटाखे नहीं फोड़ने चाहिए, तो फिर इस मुद्दे पर ज्ञान क्यों दिया जा रहा है? उन्हें एक और वीडियो अपलोड करना चाहिए। साल के 365 दिन बजने वाले लाउडस्पीकर बंद होने चाहिए। क्या आपमें ऐसा करने का साहस है? क्या इससे ध्वनि प्रदूषण नहीं होता?'

उन्होंने कहा, 'जब हम कोई सुझाव देते हैं, तो हमें सांप्रदायिक करार दे दिया जाता है और फिर हिंदू-मुस्लिम विवाद शुरू हो जाता है।'

शिरसाट ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों को संविधान का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'जो कानून हम पर लागू होता है, वही सब पर लागू होता है।'

मुंबई की महापौर रितु तावड़े की आलोचना करने पर शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे पर निशाना साधते हुए शिरसाट ने कहा, 'आदित्य क्या जानते हैं? उन्हें (तावडे को) मेयर बने एक साल भी नहीं हुआ है।’’

हालांकि, महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति और शिरसाट की ही पार्टी के नेता सचिन अहीर ने इस पर एक अलग रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि शिवसेना सामाजिक स्तर पर काम करने वाले लोगों को जाति और धर्म से नहीं जोड़ सकती।

अहीर ने कहा, 'बालासाहेब ने हमें जाति और धर्म की सीमाओं से परे जाकर काम करना सिखाया था।'

मिर्जा के वीडियो ने सोमवार को एक राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था, जिसके बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति और मेयर रितु तावड़े की मिर्जा को 'हिंदू-विरोधी' कहने संबंधी टिप्पणी के बाद बीएमसी ने सोशल मीडिया से उनके क्लिप को हटा दिया था।

शिवसेना (उबाठा) नेता और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में नेता प्रतिपक्ष किशोरी पेडनेकर ने मंगलवार को इस मामले में जांच की मांग की।

निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े को लिखे पत्र में पेडनेकर ने कहा कि मिर्जा के वीडियो को हटाने का निर्णय लेने में शामिल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।

पूर्व महापौर पेडनेकर ने वीडियो हटाए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए आरोप लगाया कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के बारे में जागरुकता फैलाने की अपनी जिम्मेदारी के बावजूद बीएमसी प्रशासन राजनीतिक दबाव के आगे झुक गया है।

भाषा वैभव माधव

माधव