नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ग्रेटर नोएडा स्थित पाई सेक्टर शाखा में 10.24 करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी मामले में बैंक की एक कार्यालय सहायक और पुणे से निजी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एजेंसी ने 29 अक्टूबर को विभिन्न ग्राहक खातों से 10.24 करोड़ रुपये की अनधिकृत निकासी के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसे कथित तौर पर आरोपी कार्यालय सहायक दीपांशी ने निकाल लिया था।
एजेंसी का आरोप है कि उसने एक निजी व्यक्ति आशुतोष पाठक और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलीभगत और साजिश करके ये अनधिकृत लेनदेन किए।
एक सीबीआई प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, 'पुणे (महाराष्ट्र) की सीबीआई मामलों की विशेष अदालत से आरोपी निजी व्यक्ति के संबंध में ट्रांजिट रिमांड का आदेश प्राप्त कर लिया गया है।
अपनी प्राथमिकी में सीबीआई ने आपराधिक साजिश, विश्वासघात, धोखाधड़ी, खातों में हेराफेरी और लोक सेवकों द्वारा आपराधिक कदाचार से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दीपांशी, पाठक तथा अज्ञात सरकारी और निजी व्यक्तियों को आरोपी बनाया है।
इस प्राथमिकी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की धाराएं भी शामिल हैं।
पीएनबी ने अपनी शिकायत में कहा है कि यह कथित धोखाधड़ी तब सामने आई जब 16 सितंबर को एक खाताधारक ने अपने खाते में तीन संदिग्ध व्यय लेनदेन के संबंध में शाखा प्रमुख से संपर्क किया।
बैंक ने बताया कि शाखा ने अब तक विभिन्न ग्राहकों के खातों से 10.24 करोड़ रुपये की 'अनधिकृत' निकासी की पहचान की है, जिसे आरोपी ने पिछले तीन वर्षों के दौरान कथित तौर पर निकाल लिया।
भाषा वैभव माधव
माधव