Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

बीसीसीआई ने महिला टीम के क्षेत्ररक्षण कोच और पुरुष टीम के मुख्य फिजियो पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए

नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को महिला क्रिकेट टीम के क्षेत्ररक्षण कोच और पुरुष टीम के मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए।

बोर्ड की ओर से जारी मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार इन पदों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर है।

मुनीष बाली ने हाल में महिला टीम के क्षेत्ररक्षण कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनका पिछला कार्यकाल जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज के दौरान था।

महिला टीम का क्षेत्ररक्षण, विशेषकर कैच छोड़ने की समस्या लंबे समय से चिंता का विषय रही है।

बीसीसीआई ने क्षेत्ररक्षण कोच की प्रमुख जिम्मेदारियों में ‘विश्वस्तरीय क्षेत्ररक्षण इकाई तैयार करने के लिए व्यापक कार्यक्रम विकसित करना और उन्हें लागू करना’ शामिल किया है। इसके अलावा, अभ्यास सत्रों और मैच के दौरान क्षेत्ररक्षण का अभ्यास कराना तथा खिलाड़ियों के कौशल में सुधार के लिए व्यक्तिगत कोचिंग देना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

उम्मीदवार को अलग-अलग मैच परिस्थितियों में प्रत्येक खिलाड़ी के क्षेत्ररक्षण प्रदर्शन और योगदान का आकलन भी करना होगा।

वहीं बोर्ड पुरुष टीम के मुख्य फिजियो कमलेश जैन के स्थान पर नए उम्मीदवार की तलाश कर रहा है। जैन ने सितंबर में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

बीसीसीआई ने इस पद के लिए उम्मीदवार के पास फिजियो सेवाएं प्रदान करने का कम से कम 10 साल का अनुभव होना अनिवार्य किया है। इसके अलावा, उम्मीदवार को शीर्ष स्तर के खिलाड़ियों या टीम के साथ काम करने का अनुभव होना चाहिए। उच्च प्रदर्शन वाली टीम के साथ काम करने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

भाषा नमिता

नमिता