Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की

लखनऊ, तीन नवंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भगवान श्रीराम के पिता के बारे में कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित विवादित टिप्पणी पर मंगलवार को आपत्ति जताते हुए उनके सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।

अखिलेश ने कथावाचक द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के बाद भगवान श्रीराम के पिता के बारे में की गई कथित टिप्पणी का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा करते हुए सवाल किया, ''यह सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है।''

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर का नाम लिए बिना उन्होंने लिखा, ''पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया, अब भगवान श्रीराम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है।''

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है।''

उन्होंने कहा, ''सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।''

इससे पहले सोमवार को अखिलेश यादव ने भगवान श्रीकृष्ण पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर शास्त्री के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि इस मामले पर उच्चतम स्तर पर संज्ञान लिया जाना चाहिए।

शास्त्री ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में राम कथा के दौरान कथित तौर पर भगवान कृष्ण की तुलना भगवान राम से करते हुए राम को बेहतर बताया था। उनकी कथित टिप्पणियों का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने सपा प्रमुख पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं से सनातन धर्म और मंदिरों के बारे में विवादित बयान दिलवाए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यादव खुद पर्दे के पीछे रहकर अपने पार्टी सहयोगियों के माध्यम से ऐसे बयान दिलवा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में सोम सपा नेता एस टी हसन के राम मंदिर पर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाते नजर आ रहे हैं कि कुछ लोग कह रहे हैं कि मंदिर को गिरा दिया जाएगा और यह आखिरी दिवाली होगी।

वीडियो में सोम ने कहा, ''आपने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, उन पर लाठियां बरसाईं और आज आप मंदिर को गिराने की बात कर रहे हैं।''

उन्होंने कहा कि यह आखिरी दिवाली नहीं होगी और दावा किया कि काशी और मथुरा में भी भव्य जश्न मनाया जाएगा।

सोम ने कहा कि अयोध्या की तरह ही इन दोनों जगहों पर भी भव्य मंदिर बनेंगे और कोई उन्हें रोक नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि हसन और राजकुमार भाटी समेत सपा नेताओं के बयानों में यह नफरत साफ झलकती है।

'पीटीआई-भाषा' ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे संगीत सोम के वीडियो की पुष्टि नहीं की है।

भाषा

आनन्द रवि कांत