बेंगलुरु, तीन नवंबर (भाषा) बेंगलुरु में दोपहिया वाहन के कार से टकराने के बाद महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार और उसकी कार में तोड़फोड़ के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के दोपहिया वाहन के कार से टकराने के बाद झगड़ा हुआ।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 28 अक्टूबर को सुबह करीब 11:10 बजे कोरमंगला थाने के अधिकार क्षेत्र में बीडीए कॉम्प्लेक्स सिग्नल और वाटर टैंक सिग्नल के बीच सड़क पर हुई।
घटना के कथित वीडियो में हेलमेट पहने एक व्यक्ति महिला की कार की पीछे की बाईं ओर की खिड़की तोड़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता बीडीए कॉम्प्लेक्स के पास से गुजर रही थी, तभी दोपहिया वाहन पर सवार तीन लोगों की कथित तौर पर उसकी कार से टक्कर हो गई।
शिकायत के अनुसार, जब महिला ने उन लोगों से सावधानी से वाहन चलाने को कहा, तो उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दुर्व्यवहार किया और उसकी कार की पीछे की बाईं ओर की खिड़की तोड़ने की कोशिश की।
महिला ने आरोप लगाया कि शीशा तोड़ने में नाकाम रहने के बाद उन लोगों ने सड़क से एक बड़ा पत्थर उठाया और उससे कार पर वार किया। उन्होंने अपने हेलमेट उतारकर उनसे कार के बोनट और बाईं ओर के हिस्से को भी क्षतिग्रस्त किया और फिर उसका शीशा तोड़ दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, जब तीनों लोग भागने की कोशिश करने लगे, तो महिला ने उनका पीछा करने का प्रयास किया। इस दौरान उनमें से एक ने कथित तौर पर उस पर हमला करने की कोशिश की।
शिकायत के अनुसार, कार को हुए नुकसान का अनुमान 15,000 से 20,000 रुपये के बीच है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के बाद भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और बाद में आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक शांति बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश