लखनऊ, तीन नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि संस्कृति विभाग ने 12 जिलों में गुरु गोरखनाथ, महाराणा प्रताप और सरदार वल्लभभाई पटेल समेत महापुरुषों एवं नायकों की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी की है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए प्रतिमाओं के आधार स्तंभ (पेडस्टल) तैयार कराने की कार्यवाही की जा रही है। इन प्रतिमाओं को स्थापित करने का उद्देश्य युवा पीढ़ी को प्रदेश के महापुरुषों एवं नायकों के योगदान की जानकारी देना और उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
सिंह ने बताया कि ये प्रतिमाएं लखनऊ, आगरा, गोरखपुर, शाहजहांपुर, प्रतापगढ़, गाजीपुर, गोंडा, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, बाराबंकी, महराजगंज तथा वाराणसी में स्थापित की जाएंगी।
यहां जारी एक सरकारी बयान में मंत्री के हवाले से बताया गया कि लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही कांस्य प्रतिमा, आगरा में महाराजा सूरजमल की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही कांस्य प्रतिमा और गोरखपुर हवाई अड्डे पर महायोगी गुरु गोरखनाथ की 12.5 फुट ऊंची खड़ी कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शाहजहांपुर जिले में बरेली मोड़ पर महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले की ग्राम सभा कंधरपुर बाजार में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फुट ऊंची खड़ी कांस्य प्रतिमा और गाजीपुर जिले में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की 12.5 फुट ऊंची खड़ी कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गोंडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की छह फुट ऊंची आदमकद कांस्य प्रतिमा तथा फिरोजाबाद जिले के जसराना तहसील के गांव मचन में शहीद कैप्टन देवेश कुमार कुलश्रेष्ठ की तीन फुट ऊंची आवक्ष कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद में तुकना स्थित लोहिया पार्क के पास महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। रामपुर जिले में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव था, जिसे अब बाराबंकी में स्थापित किया जाएगा। महराजगंज जिले में जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में शिब्बन लाल सक्सेना की छह फुट ऊंची सफेद संगमरमर की प्रतिमा तथा वाराणसी में गलट बाजार पुलिस चौकी के पास महाराणा प्रताप की 12.5 फुट ऊंची अश्वारोही कांस्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि ललित कला अकादमी द्वारा निर्मित कराई गई प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए आधार स्तंभों के निर्माण के संबंध में संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारियों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रतिमाओं को जल्द स्थापित करा दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके योगदान से प्रेरणा ले सके।
भाषा
आनन्द रवि कांत