ठाणे, तीन नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में दोस्त की हत्या करने की बात कबूलते हुए आरोपी ने खुलासा किया कि मृतक बार-बार उसके सपने में आ रहा था और इस वजह से वह काफी डरा हुआ था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रफुल्ल जाधव ने बताया कि जिले के डोंबिवली निवासी और हाउसकीपिंग कर्मचारी प्रभु करकाडे (24) ने सोमवार को खुद पुलिस के पास पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पल्लव उर्फ विशाल मधुकर कदम (43) का शव दो सप्ताह पहले डोंबिवली के पास मोठा गांव में मिला था।
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद करकाडे ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में उसने पीटकर कदम की हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शव को एक बोरे में भरकर कोपर लिंक रोड के पास एक सुनसान जगह पर घास में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि इसके बाद मृतक बार-बार उसके सपने में आने लगा, जिससे वह डर गया था।
आरोपी ने पुलिस को उस जगह की भी पहचान कराई, जहां उसने शव फेंका था।
पुलिस ने बताया कि विष्णु नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश