Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

बिहार के भोजपुर में 19,250 कारतूस जब्त, तीन हथियार तस्कर गिरफ्तार

आरा, तीन नवंबर (भाषा) बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19,250 कारतूस और एक देसी पिस्तौल बरामद की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को कोईलवर थाना क्षेत्र में कुल्हड़िया टोल प्लाजा के पास वाहन जांच के दौरान यह बरामदगी की गई।

पुलिस के एक बयान के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि आरा शहर की ओर से आ रही एक कार में अवैध कारतूसों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान एक एसयूवी से कारतूस और पिस्तौल बरामद किए गए।

बयान में कहा गया है कि पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। एसयूवी की तलाशी लेने पर उसमें से 19,250 कारतूस और एक देसी पिस्तौल बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के निवासी ललटू कुमार (38) और सरस कुमार (27) तथा सीवान जिले के निवासी चंदन तिवारी (26) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी बरामद हथियारों और कारतूसों के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान उन्होंने अवैध कारतूसों की तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कोईलवर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

भाषा

कैलाश रवि कांत