नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) मंगलवार को घोषित क्यूएस रैंकिंग के अनुसार, भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु और पांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) एशिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में शामिल हैं। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इन सभी की रैंकिंग में कई स्थानों की गिरावट आई है।
भारत एशिया की दूसरी सबसे बड़ी उच्च शिक्षा व्यवस्था बना हुआ है। यहां 325 रैंक वाले विश्वविद्यालय हैं, जिनमें 34 नए शामिल हुए हैं; इस मामले में भारत केवल चीन से पीछे है।
लंदन स्थित क्वाक्वेरेली साइमंड्स (क्यूएस) के अनुसार, आईआईटी दिल्ली भारत का सर्वोच्च रैंकिंग वाला विश्वविद्यालय बना हुआ है, जो साल-दर-साल गिरावट के बावजूद एशिया में 66वें स्थान पर है, जबकि भारत के सभी छह शीर्ष रैंकिंग वाले संस्थानों की रैंकिंग में गिरावट आई है।
आईआईटी दिल्ली पिछले साल 59वें स्थान पर था और फिसलकर 66वें स्थान पर आ गया, इसके बाद आईआईएससी बेंगलुरु है, जो पिछले साल 64वें स्थान पर था और फिसलकर 79वें स्थान पर आ गया।
आईआईटी मुंबई 71 से गिरकर 83वें पायदान पर आ गया, आईआईटी मद्रास 70 से गिरकर 85 पर आ गया, आईआईटी खड़गपुर 77 से गिरकर 90वें स्थान पर आ गया और आईआईटी कानपुर 77 से गिरकर 97वें स्थान पर आ गया।
क्यूएस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बेन सॉटर ने कहा, “भारत ने अनुसंधान के क्षेत्र में उल्लेखनीय क्षमता विकसित की है। ‘प्रति फैकल्टी शोध-पत्र’ के मामले में, शीर्ष 10 संस्थानों में भारत के विश्वविद्यालयों की संख्या एशिया में सबसे अधिक है; और पीएचडी धारक स्टाफ के मामले में, 15 संस्थान संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। अब चुनौती यह है कि इस क्षमता का लगातार उपयोग करते हुए, इसे अनुसंधान के प्रभाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान में कैसे बदला जाए।”
उन्होंने कहा, “हालांकि पूरे एशिया में प्रतिस्पर्धा बढ़ने के कारण इस साल की रैंकिंग में कई प्रमुख संस्थान नीचे खिसके हैं, लेकिन भारत के पास एक मजबूत आधार है जिस पर आगे बढ़ा जा सकता है। शोध की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने में लगातार निवेश करने से भारत की प्रगति को बनाए रखने में मदद मिलेगी।”
दिल्ली विश्वविद्यालय भी शीर्ष 100 की सूची से बाहर हो गया है, जो 95वें स्थान से खिसककर 106वें स्थान पर आ गया है। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और जामिया मिलिया इस्लामिया उन भारतीय संस्थानों में शामिल हैं, जिन्होंने सूची में अपनी स्थिति बेहतर की है।
भारत ने शीर्ष 200 में भी अपनी उपस्थिति बढ़ाई है; पिछले साल के 20 और 2018 के 17 के मुकाबले, अब इसमें भारत की 21 प्रविष्टियां हैं।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश