मुंबई, तीन नवंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि रितु तावडे मुंबई की पहली ऐसी महापौर हैं, जिनका ध्यान जाति और धर्म पर केंद्रित है।
उन्होंने यह टिप्पणी बंबई उच्च न्यायालय द्वारा अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण अनुकूल दिवाली अभियान के वीडियो पर राजनीतिक आपत्तियों को लेकर ''गहरी पीड़ा और नाराजगी'' जताए जाने के बाद की।
ठाकरे ने कहा कि दुनिया भर के महापौर स्वच्छ पानी, शिक्षा, खुले स्थानों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों जैसे मुद्दों पर बात करते हैं, लेकिन ''वह (तावड़े) पहली महापौर हैं, जिनका ध्यान जाति और धर्म पर केंद्रित है।''
ठाकरे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने नियंत्रण वाले हर प्रशासन को तमाशे में बदल देती है।
उन्होंने कहा, ''बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में पूरी तरह तमाशा चल रहा है। जब भी प्रशासन से कुछ गलत होता है, महापौर और उनके आका दावा करते हैं कि उन्हें नहीं पता कि प्रशासन क्या कर रहा है।''
ठाकरे ने कहा कि महापौर का ध्यान अपनी कार पर लाल बत्ती लगवाने, अपने आवास का नवीनीकरण कराने और अब बीएमसी द्वारा ही मांगे गए एक वीडियो संदेश में नागरिक के धर्म पर केंद्रित रहा है।
अभिनेत्री दीया मिर्जा के पर्यावरण अनुकूल दिवाली अभियान के वीडियो पर राजनीतिक आपत्तियों को लेकर बंबई उच्च न्यायालय ने मंगलवार को ''गहरी पीड़ा और नाराजगी'' जताई।
अदालत ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को हटाए गए वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड करने का निर्देश दिया। अदालत ने याद दिलाया कि संविधान सभी नागरिकों से धर्मनिरपेक्ष भावना को बढ़ावा देने की अपेक्षा करता है।
यह घटनाक्रम मिर्जा के वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा होने के एक दिन बाद सामने आया। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति और महापौर तावड़े की उन्हें ''हिंदू विरोधी'' बताने वाली टिप्पणी के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने सोशल मीडिया से उनका वीडियो हटा दिया था।
भाषा वैभव माधव
माधव