गिरीडीह, तीन नवंबर (भाषा) झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार को भाजपा के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च निकाला। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने और देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में यह मार्च झंडा मैदान से शुरू हुआ और करीब 300 मीटर की दूरी तय करने के बाद टावर चौक पर समाप्त हुआ।
मार्च में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
साहू ने कहा, ‘‘कांग्रेस देश में विदेशी ताकतों को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। लोगों ने 60 साल से अधिक समय तक कांग्रेस का शासन और मोदी सरकार के 12 साल का कार्यकाल देखा है। सरकार जरूरतमंद लोगों तक पहुंची है और उन्हें कई कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ पहुंचाया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों का कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनके बयानों पर से भरोसा उठ गया है।
मरांडी ने आरोप लगाया कि 2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘2014 में मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पहले उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी का आरोप लगाया और अब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं का आरोप लगा रहे हैं। मतदाता सूची से किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं हटाया गया है। बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए गए हैं। इसलिए, ‘वोट बचाओ’ अभियान के नाम पर वे बांग्लादेशी घुसपैठियों के मतदान के अधिकारों की रक्षा करना चाहते हैं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के ‘‘झूठे विमर्श’’ का मुकाबला करने के लिए भाजपा ने देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है।
इस बीच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की झारखंड इकाई ने भी रांची में मार्च निकाला। उसने कहा कि राजनीतिक मतभेदों का समाधान सड़क पर प्रदर्शन करने के बजाय संवैधानिक तरीकों से किया जाना चाहिए।
यह मार्च राज्य की राजधानी रांची में बापू वाटिका से शुरू हुआ और अल्बर्ट एक्का चौक पर समाप्त हुआ।
एबीवीपी के एक नेता ने कहा, ‘‘लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन मतपत्र के जरिए होता है, भीड़तंत्र के जरिए नहीं। सरकारें लोगों के वोट से बनती और बदलती हैं, सड़कों पर ताकत दिखाने से नहीं। बांग्लादेश और नेपाल के राजनीतिक घटनाक्रम से प्रेरित भारत में ‘सत्ता परिवर्तन’ की अराजक राजनीति स्वीकार्य नहीं है।’’
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप