इंफाल, तीन नवंबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे उन सशस्त्र समूहों की पहचान करें जिनके राज्य में हुई हालिया हिंसक घटनाओं में शामिल होने का संदेह है। शांति वार्ता में शामिल समूहों को इससे अलग रखा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सिंह ने राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए आयोजित बैठक में यह निर्देश दिया।
बैठक में गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम, मुख्य सचिव राजीव सिंह ठाकुर, सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह और 3 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल गिरिश कालिया शामिल हुए।
कालिया वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में जुड़े। असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खुफिया ब्यूरो के एक संयुक्त निदेशक और अन्य अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैंने सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे उन सक्रिय सशस्त्र समूहों की पहचान करें जिनपर राज्य में हुई हालिया हिंसा में शामिल होने का संदेह है। शांति वार्ता में शामिल समूहों को इससे अलग रखा जाए। मैंने सुरक्षा एजेंसियों को इन समूहों की भूमिका पर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।’’
भाषा संतोष माधव
माधव