Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

मप्र : थाना प्रभारी हत्याकांड का एक आरोपी ‘भागने की कोशिश में' घायल, पैर में पलस्तर बंधा दिखा

इंदौर, तीन नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब की अंतरराज्यीय तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति पुलिस हिरासत से कथित तौर पर भागने की कोशिश के दौरान घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कई वीडियो सामने आए जिनमें वह दाएं पैर में पलस्तर बंधा होने के कारण पुलिस कर्मियों के सहारे से लंगड़ाकर चलता दिखाई दे रहा है। वह एक वीडियो में व्हीलचेयर पर बैठा नजर आ रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन ने संवाददाताओं को बताया कि आलीराजपुर जिले के निवासी केरम सिंह चंगोड़ को अवैध शराब की तस्करी के लिए ट्रक, चालक और क्लीनर की व्यवस्था के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सोमवार को पुलिस चंगोड़ को घटनास्थल और वाहन की तस्दीक के लिए ले गई थी तथा इस दौरान उसने मौके से भागने का प्रयास किया जिसमें वह गिरकर घायल हो गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने घायल आरोपी का उपचार कराया।

अधिकारियों ने बताया कि थाना प्रभारी की हत्या के मामले में चंगोड़ के साथ राहुल जायसवाल और विजय राव को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि जायसवाल पर हरदा जिले के टिमरनी से गुजरात तक अवैध शराब की तस्करी का नेटवर्क संचालित करने का आरोप है, जबकि राव ने जायसवाल के लिए शराब तस्करी नेटवर्क में काम करना कथित तौर पर स्वीकार किया है।

इस बीच, पुलिस ने तीनों आरोपियों को देवास जिले की एक अदालत में पेश किया जिसने अभियोजन की गुहार पर उन्हें 10 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अधिकारियों ने बताया कि तस्करी के जरिये अवैध शराब की खेप गुजरात भेजे जाने की सूचना पर सोमवार तड़के खातेगांव थाना प्रभारी पुरी पुलिस दल के साथ इंदौर-बैतूल राजमार्ग पर पहुंचे थे।

उन्होंने बताया,‘‘पुरी ने 1,800 से ज्यादा लीटर शराब से भरे ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस से बचकर भागने के लिए ट्रक सड़क के डिवाइडर पर चढ़ा दिया। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया जिससे उनकी मौत हो गई।’’

भाषा

हर्ष रवि कांत