नवसारी, तीन नवंबर (भाषा) गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने राज्य के नवसारी जिले में मंगलवार को 190.62 करोड़ रुपये की लागत वाली 49 विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में सड़क संपर्क, बुनियादी ढांचे और शैक्षिक सुविधाओं में सुधार लाना है।
एक प्रेस विज्ञप्ति में संघवी के हवाले से कहा गया है, “वांसदा क्षेत्र में 190.62 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई है, जिनमें सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, पुलिया और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचा सुविधाएं शामिल हैं।”
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “ये परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि हजारों परिवारों की उम्मीदों और आकांक्षाओं से जुड़ी हुई हैं। इनसे किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा।”
उन्होंने कहा कि चिखली, खेरगाम और वांसदा जैसे आदिवासी क्षेत्रों में भगवान बिरसा मुंडा तालुका-स्तरीय पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे, जिससे आदिवासी लड़के-लड़कियों को पढ़ाई करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
संघवी ने कहा कि सरकार आदिवासी समुदायों के युवाओं को खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 11.30 करोड़ रुपये की लागत से वांसदा-वांसियातालाव-बोरियाच-खाता-अंबा-कांधा सड़क के पुनर्निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वांसदा, चिखली और खेरगाम तालुका में 55.23 करोड़ रुपये की लागत वाली पांच सड़क विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इसमें कहा गया है कि 47.92 करोड़ रुपये की अन्य परियोजनाओं में वांसदा तालुका के विभिन्न गांवों में गैर-योजनागत सड़कें, पुलिया और पुलों का निर्माण शामिल है।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत