नयी दिल्ली/पटना, तीन नवंबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में अपराध खत्म हो गया है, हालांकि कुछ 'क्राइम' हो सकते हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने चुटकी ली।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा यहां आयोजित एक कार्यक्रम में चौधरी ने कहा, ''हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध की अवधारणा ही खत्म हो चुकी है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं, कोई अपराधी नहीं है।''
उनके इस बयान से कई लोग हैरान रह गए कि आखिर उनका आशय क्या था। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चौधरी को बिहार को बर्बाद करने की 'सुपारी' दी है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में सम्राट चौधरी कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘‘बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं।’’ हालांकि, 'पीटीआई-भाषा' वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई है और लोग इसके आशय पर सवाल उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
तेजस्वी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये तंज कसते हुए लिखा, ‘‘बिहार में 'क्राइम' हो सकता है, 'अपराध' नहीं!’’
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चयनित मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने सम्राट चौधरी पर सात हत्याओं का आरोपी होने का आरोप भी लगाया।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ काम करके खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित।
तेजस्वी ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की जिम्मेदारी ले रखी है।
मुख्यमंत्री के इस कथित बयान और उस पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया के बाद बिहार में अपराध तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
भाषा
कैलाश, रवि कांत रवि कांत