सिलीगुड़ी, तीन नवंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाया कि वे ‘‘दिमागी नक्सलियों, जिहादियों तथा कॉकरोचों’’ की मदद से भारत में अराजकता फैलाने की साजिश रच रहे हैं और बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शुभेंदु ने यहां ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हराओ’ रैली का नेतृत्व किया। यह भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण में गड़बड़ी के विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के आरोपों का जवाब देना है।
मुख्यमंत्री ने सिलीगुड़ी के महात्मा गांधी चौक पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ‘‘बुआ-भतीजे’’ की जोड़ी सहित ‘‘राजनीतिक रूप से पराजित’’ नेता अराजकतावादियों का समर्थन मांगने दिल्ली गए थे।
उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को सत्ता में लौटने के लिए पहले चुनाव जीतना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा जानती है कि देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों से कैसे निपटना है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा उपद्रवियों को नहीं बख्शेगी।
शुभेंदु ने राजनीति में परिवारवाद को लेकर विपक्ष का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘‘4जी’’ (जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और राहुल गांधी), ‘‘3जी’’ (करुणानिधि, एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन) और ‘‘2जी’’ (ममता बनर्जी-अभिषेक बनर्जी तथा लालू प्रसाद-तेजस्वी यादव) बताया, और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पास ‘‘कोई जी’’ नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि मोदी के हस्तक्षेप के बिना अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाता। साथ ही, उन्होंने वाराणसी से चोरी हुई देवी अन्नपूर्णा की मूर्ति को वापस लाने का श्रेय भी प्रधानमंत्री को दिया।
संबंधित मूर्ति कनाडा की रेजिना यूनिवर्सिटी की मैकेंजी आर्ट गैलरी में मिली थी।
शुभेंदु ने कहा कि फरवरी में होने वाले सिलीगुड़ी नगर निकाय चुनावों में भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि “कोलकाता नगर निकाय चुनाव के नतीजे फाल्टा, नंदीग्राम और रेजीनगर के नतीजों जैसे ही होंगे”, जहां भाजपा ने जीत हासिल की है।
उत्तर बंगाल में त्वरित विकास का वादा करते हुए, उन्होंने कहा कि सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इस क्षेत्र में कई हवाई अड्डों का उद्घाटन करेगी, चाय बागानों को फिर से खोलेगी, उच्च शिक्षा संस्थान स्थापित करेगी, रोजगार के अवसर पैदा करेगी और प्रवासी मजदूरों की वापसी में मदद करेगी।
शुभेंदु ने क्षेत्र की महिला मतदाताओं तक पहुँचने के स्पष्ट प्रयास में कहा, ‘‘पिछली सरकार के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को हम नहीं बख्शेंगे। इस सरकार ने (तृणमूल कांग्रेस के नेताओं) जहांगीर खान और शेख शाहजहां जैसे अपराधियों को दिखा दिया है कि हम कितने सख्त हो सकते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि “कोलकाता और हावड़ा में जीत” के बाद भाजपा सिलीगुड़ी का रुख करेगी। उन्होंने कहा कि वह “राज्य के राजनीतिक कचरे को ब्लीचिंग पाउडर और फिनाइल से साफ कर देंगे।”
इस रैली में शुभेंदु के साथ केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, पश्चिम बंगाल के मंत्री शंकर घोष, दीपक बर्मन और निशीथ अधिकारी तथा दार्जीलिंग के सांसद राजू बिष्ट मौजूद थे।
तिरंगा थामे, मार्च में शामिल लोग यहां बाघाजतिन मैदान से एयरव्यू क्रॉसिंग तक पहुंचे। रैली मार्ग के दोनों ओर लोग खड़े थे।
कुछ लोगों ने शुभेंदु को फूलों के गुलदस्ते और मालाएं भेंट कीं। शुभेंदु ने भी राष्ट्रीय ध्वज भी थाम रखा था।
भाजपा देश भर में अलग-अलग जगहों पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हराओ’ रैलियां आयोजित कर रही है।
हावड़ा शहर में, भाजपा नेता और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने एक रैली का नेतृत्व किया।
भाजपा की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी उन लोगों में शामिल थीं, जिन्होंने मार्च में हिस्सा लिया।
भाषा
नेत्रपाल अविनाश
अविनाश