ठाणे, तीन नवंबर (भाषा) शिवसेना पार्षद और ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बदनाम करने और प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की जांच को भटकाने की साजिश रची है।
विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) और पूर्णेकर के परिवार ने मीनाक्षी और उनके पति राजेंद्र शिंदे पर शिवसेना (उबाठा) के स्थानीय पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की 29 सितंबर को हुई हत्या का मुख्य साजिशकर्ता होने का आरोप लगाया है। हालांकि, दंपति ने इन आरोपों का खंडन किया है।
ठाणे के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे से मुलाकात के बाद, मीनाक्षी शिंदे ने संवाददाताओं से दावा किया कि विपक्ष मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, शिवसेना प्रमुख व उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उन्हें इस विवाद में घसीटने के लिए दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रहा है।
उन्होंने पुलिस आयुक्त को एक पत्र सौंपकर पूर्णेकर के परिवार और उनके करीबी लोगों के लिए सुरक्षा की मांग भी की।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश