Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

एसआईआर से पहले 56 चुनाव हारी कांग्रेस, नेतृत्व की विफलता के कारण हुई हार : स्मृति ईरानी

कोलकाता, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस ने मौजूदा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले 2014 से 2025 के बीच 56 चुनावों में हार का सामना किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में इन हार की वजह कांग्रेस नेतृत्व की अपनी विफलताएं थीं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ‘इंडिया’ गठबंधन पर आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन एसआईआर को लेकर निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव ईरानी पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान में शामिल होने के लिए शहर में थीं।

उन्होंने विपक्ष पर भारत को बदनाम करने और नरेन्द्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए विदेशी मदद लेने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

ईरानी ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर पाकिस्तान जाते हैं और देश के खिलाफ टिप्पणियां करते हैं। राहुल गांधी लंदन जाते हैं और कहते हैं कि वह मोदी को हराना चाहते हैं। क्या यह उचित है कि विपक्ष का नेता विदेश की धरती से ऐसी टिप्पणियां करे?’’

ईरानी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक टकराव तेज हो रहा है।

कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने निर्वाचन आयोग पर ‘‘वोट चोरी’’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग की।

भाजपा ने विपक्ष के अभियान का जवाब देने के लिए एसआईआर को मतदाता सूची से दोहरी प्रविष्टियां और मृत व्यक्तियों के नाम हटाने की आवश्यक प्रक्रिया बताया है।

ईरानी ने कांग्रेस की आपत्तियों पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर मतदाता सूचियों में दोहरे नाम या मृत व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं, तो कांग्रेस मृत लोगों के नाम फिर से शामिल कराने की मांग क्यों कर रही है? वह दोहरी प्रविष्टियों को बरकरार क्यों रखना चाहती है?”

उन्होंने कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में कराए गए 10 एसआईआर का भी उल्लेख किया और मौजूदा प्रक्रिया का विरोध करने को लेकर पार्टी पर सवाल उठाए।

ईरानी ने कहा, “कांग्रेस 2014 से चुनाव हार रही है। उस समय ज्ञानेश कुमार मुख्य निर्वाचन आयुक्त भी नहीं थे।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार के कारणों पर आत्ममंथन करने के बजाय निर्वाचन आयोग और उच्चतम न्यायालय पर निशाना साध रही है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया, “कांग्रेस ने देश के खिलाफ जंग छेड़ दी है। पार्टी निर्वाचन आयोग और उच्चतम न्यायालय, किसी को भी नहीं बख्श रही है।”

उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति के लिए पार्टी के ‘भ्रष्ट और नाकाम नेतृत्व’ को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की कांग्रेस की क्षमता पर भी सवाल उठाए।

ईरानी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए कई राजनीतिक दलों को एकसाथ लाना पड़ा।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप