रांची, तीन नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मंगलवार को आरोप लगाया कि झारखंड में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है और राज्य में आदिवासी, महिलाएं तथा अल्पसंख्यक अब सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से राज्य के विकास के लिए धन मुहैया कराए जाने के बावजूद विभिन्न केंद्रीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
अली ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था गंभीर चिंता का विषय है। झारखंड में कोई भी सुरक्षित नहीं है, चाहे वह आदिवासी हो, महिला हो या अल्पसंख्यक। हत्या, दुष्कर्म, लूट और अन्य अपराधों की घटनाएं रोजाना अखबारों की सुर्खियां बन रही हैं।”
उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि न्याय और सुरक्षा की मांग लेकर थाने पहुंची एक महिला के साथ परिसर के अंदर ही दुष्कर्म किया गया।
अली ने आरोप लगाया, “आरोप हैं कि मामले को दबाने के प्रयास में पीड़िता को धमकाया गया। यहां रक्षक ही भक्षक बन गए हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया, “इन घटनाओं पर सरकार की चुप्पी उसकी पूरी असंवेदनशीलता को उजागर करती है।”
अली ने आरोप लगाया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार ने चुनाव के दौरान आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के वोट हासिल करने के लिए उनसे झूठे वादे किए थे।
उन्होंने कहा, “सत्ता में आने के बाद सरकार ने अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को भुला दिया। दोनों समुदाय खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।”
भाषा जितेंद्र माधव
माधव