Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में हुआ कमजोर

अमरावती, तीन नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश के बाद चक्रवाती तूफान 'मुरासु' अब दक्षिणी तटीय क्षेत्र में कमजोर पड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि आज दोपहर ढाई बजे तक पिछले छह घंटों के दौरान 'मुरासु' सात किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा और उसी क्षेत्र में कमजोर हो गया।

उसने कहा, ‘‘दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' कमजोर होकर एक चक्रवाती तूफान में बदल गया।’’

उसने कहा कि यह मौसमी प्रणाली बापटला से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में 40 किलोमीटर की दूरी पर, ओंगोल से उत्तर में 60 किलोमीटर की दूरी पर, विजयवाड़ा से दक्षिण-पश्चिम में 80 किलोमीटर की दूरी पर, कावली से उत्तर में 120 किलोमीटर की दूरी पर और मछलीपट्टनम से पश्चिम में 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

मौसम विभाग ने बताया, ‘‘इस चक्रवाती तूफान के उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और आज आधी रात तक गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने (हवा की गति 55-65 किमी प्रति घंटा जो 75 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है) का प्रबल अनुमान है।’’

इस चक्रवाती तूफान के असर से, आज ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, कुछ जगहों पर भारी से भीषण बारिश और कहीं-कहीं बहुत ही भीषण बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने चार नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, इससे पहले मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे भीषण चक्रवाती तूफान 'मुरासु' तट को पार कर गया था।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में बापटला में 22 सेंटीमीटर (सेमी), नरसापुर में 20 सेमी, करमचेडु में 16 सेमी, अड्डंकी में 15 सेमी और भीमवरम में 13 सेमी बारिश हुई।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश