नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान से जंतर-मंतर की ओर विरोध मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए 22 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक सूत्र ने बताया कि दिशा छात्र संगठन और रिवोल्यूशनरी वर्कर्स पार्टी ऑफ इंडिया से जुड़े प्रदर्शनकारियों को रविवार को विपक्षी ‘इंडिया’ रैली के दौरान मिंटो रोड पर रोका गया था और उन्हें हिरासत में लिया गया था।
इसके बाद पुलिस उन्हें दो बसों में द्वारका सेक्टर 23 और जाफरपुर कलां थानों में ले गई। सूत्र ने कहा कि सभी 22 लोगों को देर रात करीब दो बजे रिहा कर दिया गया था।
प्राथमिकी में आदेश की अवहेलना करना, लोक सेवकों के काम में बाधा डालना और उन पर हमला करना और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने के आरोप शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों में से एक को अलग से हिरासत में लिया गया था और एक विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। बाद में निजी मुचलके पर हस्ताक्षर करने के उपरांत उन्हें रिहा कर दिया गया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव